शाहजहांपुर। परिषदीय स्कूलों में नए सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रत्येक बच्चे को स्कूल से जोड़ने का लक्ष्य लेकर चल रहे विभाग ने नामांकन के लिए अभियान छेड़ रखा है। बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र या आधार कार्ड नहीं होने पर भी प्रवेश लिया जाएगा।
बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि छह वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी बच्चों का आंगनबाड़ी व बाल वाटिका में नामांकन का लक्ष्य रखा है। सात से 14 वर्ष के सभी ड्रॉप आउट स्कूल बच्चों का चिह्नीकरण कर स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन किया जाएगा। हर स्कूल में स्कूल चलो अभियान के पूर्व एसएमसी के अध्यापकों के साथ बैठक करनी होगी।
बीएसए ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के दौरान अध्यापकों से अनिवार्य रूप से विद्यालयों के क्षेत्र के परिवार का सर्वेक्षण किया जाए। अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को चिह्नित कर नामांकन कराया जाएगा। झुग्गी-झोंपड़ी व ईंट भट्ठों में रहने वाले बच्चों, कामकाजी बच्चों व प्रवासी परिवारों व दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।