उझानी में अढौली फाटक के पास रेलवे ट्रैक की मरम्मत में जुटे कर्मचारी। संवाद
उझानी। रेलवे स्टेशन के नजदीक समपार संख्या- 288 ए स्थित अढ़ौली फाटक ट्रैक के मरम्मत कार्य के चलते बृहस्पतिवार को पूरी रात बंद रहा। इस दौरान कादरचौक-उझानी की ओर आने-जाने वाले वाहनों को पहले से तय वैकल्पिक मार्ग गोशाला फाटक से होकर निकाला गया।
अढ़ौली रेल फाटक और उसके आसपास ट्रैक की मरम्मत और 60 गेज की नई पटरी बिछाने का काम बृहस्पतिवार शाम छह बजे के बजाय रात नौ बजे शुरू हो पाया। रेल कर्मियों ने बताया कि फाटक के पास 52 गेज की पटरी है। नई पटरी 60 गेज की बिछाई गई है। 60 गेज की पटरी पर ट्रेनें 150 किलोमीटर प्रति घंटा से भी अधिक की रफ्तार से दौड़ सकती हैं। मरम्मत कार्य के दौरान फाटक पूरी रात बंद रहा।
वाणिज्य अधीक्षक केपी सिंह ने बताया कि कादरचौक और उझानी के बीच आने जाने वाले वाहनों को गोशाला फाटक से होकर निकाला गया है। कुछेक वाहन अढ़ौली फाटक तक पहुंच गए, जिन्हें वैकल्पिक रास्ते की ओर लौटा दिया।