वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार दोपहर एक हादसे में 25 वर्षीय रिंकू की जान चली गई। वह उस वक्त वजीरगंज जा रहा था। रास्ते में जखौलिया के नजदीक हादसा हो गया। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शहबाजपुर निवासी रिंकू (25) पुत्र राजेंद्र फौजी बुधवार दोपहर बाइक लेकर वजीरगंज जा रहा था। पुलिस के मुताबिक रिंकू उस दौरान हेलमेट नहीं लगाए था। उसकी बाइक जखौलिया गांव के नजदीक पहुंची थी, तभी किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे रिंकू दूर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। कुछ देर बाद उधर से गुजरे लोगों ने जब उसे घायल अवस्था में पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। इस पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और तुरंत रिंकू को जिला अस्पताल भेज दिया। वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
थाना पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर उसके परिवार वालों को सूचना दी। इससे परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोपहर के समय रिंकू के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। यह हादसा किस वाहन से हुआ था, अभी इसका पता नहीं चला है।