उझानी (बदायूं)। तीन दिन पहले बाइक में साड़ी फंसने के बाद फिसलकर सड़क पर गिरीं शिक्षिका अनीता शर्मा की इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। वह अंबियापुर ब्लॉक के गांव सबदलपुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात थीं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
हादसा तीन जून को कोतवाली क्षेत्र में गांव भवानीपुर के पास हुआ था। पति मुड़िया धुरेकी निवासी लाल बहादुर के साथ शिक्षिका अनीता (45) बाइक से स्कूल होकर ससुराल जाने के लिए मायके से निकली थीं। रास्ते में गांव के पास ही उनकी साड़ी बाइक के पहिये में फंस गई। इसके बाद अनियंत्रित बाइक से वह सड़क पर गिर पड़ीं। बाइक भी फिसल गई। अनीता के सिर में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल में उनका प्राथमिक उपचार कराया गया लेकिन हालत में कोई खास सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें बाहर ले गए।
पति लाल बहादुर ने बताया कि रविवार देर रात वह अनीता को लेकर फिर जिला अस्पताल आ गए। इलाज के दौरान उन्होंने सोमवार सुबह दम तोड़ दिया। पुलिस ने इत्तेफाकिया मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। इसके बाद शव उनके परिजन को सौंप दिया गया।