उझानी। कृषि उत्पादन मंडी समिति से घर लौटते समय बुधवार सुबह साइकिल सवार मुनीम अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। यह देख राहगीर भी इकट्ठे हो गए। वह कुछ समझ पाते ही उससे पहले ही मुनीम की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नरऊ निवासी सुभाष चौहान (50) बिल्सी रोड मार्केट में लालमन की पुलिया के पास रहते थे। वह कृषि उत्पादन मंडी समिति में सब्जी की आढ़त पर मुनीम थे। रोज की तरह वह साइकिल से तड़के करीब पांच बजे मंडी पहुंचे। लौटते में करीब आठ बजे वह साइकिल से चले। बाईपास पर संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पास वह साइकिल से गिर गए।
चश्मदीद लोगों के मुताबिक वह गिरते ही बेहोश हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। उसी दौरान उनकी मां श्यामवती कछला जाने को उधर से निकलीं तो वह भी भीड़ में जा पहुंचीं। उन्होंने सड़क पर गिरे मृतक की बेटे के रूप में शिनाख्त की। मृतक के पिता राजपाल ने बताया कि सुभाष सुबह पूरी तरह स्वस्थ था। चिकित्साधिकारी डॉ. आरके गंगवार ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है। परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।