म्याऊ (बदायूं)। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव माधुरी नगला में शनिवार दोपहर एक झोंपड़ीनुमा मकान में आग लग गई, इससे घर में रखा सारा सामान जल गया। इसमें दो भैंसों समेत छह पशुओं की जलकर मौत हो गई। जबकि चार पशु गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसा शनिवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। अचानक माधुरी नगला निवासी लालाराम के झोंपड़ीनुमा घर में आग लग गई। बताते हैं कि उनका घर गांव के बाहर था। लालाराम के परिवार वाले भी काम में लगे थे। इससे उन्हें आग लगने के बारे में तुरंत जानकारी नहीं हुई। जब तक परिवार वालों को पता चला, तब तक आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। शोर शराबा सुनकर गांव के तमाम लोग आ गए। उन्होंने आग बुझाने की कोशिश भी की लेकिन बुझा न सके। लालाराम के परिवार वाले घर में बंधे पशुओं को भी बाहर नहीं निकाल सके। इस हादसे में उनकी दो भैंस, एक बकरी, एक बछड़ा और दो भैंस के बच्चों की जलकर मौत हो गई। जबकि चार पशु गंभीर रूप से झुलस गए। लालाराम ने बताया कि घर में उनका सारा सामान जलकर राख हो गया। इसकी उन्होंने राजस्व विभाग को सूचना दे दी है लेकिन शनिवार शाम तक कोई अधिकारी गांव नहीं पहुंचा।