कुंवरगांव कस्बे में हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। कुंवरगांव कस्बे में बुधवार रात बरातियों से भरी कार बजरी से ढेर से टकराकर पलट गई, इससे सात बराती घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिर सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद वे अपने-अपने घर चले गए।
हादसा बुधवार देर रात हुआ। उस दौरान कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर चकोलर निवासी वीरेश (28), दिनेश (32), कुंवरपाल (35), दिनेश (38), राहुल (25), राम सिंह (40) और ओमशंकर (40) एक कार में सवार होकर आंवला इलाके से बरात में शामिल होकर घर लौट रहे थे। कार वीरेश चला रहे थे। बताते हैं कि उनकी कार कुंवरगांव कस्बे में गंज चौराहे के नजदीक पेट्रोल पंप के सामने पहुंची तो यहां सड़क किनारे फैली बजरी के ढेर से टकराकर पलट गई। इससे कार सवार लोगों में चीखपुकार मच गई। शोरशराबा सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर आ गए। उन्होंने सभी लोगों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को नगर के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से वह अपने घर चले गए। कार ड्राइवर ने बताया कि रात के अंधेरे में बजरी का ढेर दिखाई नहीं दिया था। इससे कार बजरी पर चढ़कर फिसल गई और एक्सल टूटने से पलट गई। फिलहाल सभी बराती खतरे से बाहर हैं। संवाद