बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर उसावां थाना क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर पर एक पिकअप से उछलकर दो सगी बहनें सड़क पर जा गिरीं, जिससे एक की मौत हो गई। जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। साथ ही पिकअप को कब्जे में ले लिया है।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव राजानगला निवासी गुड्डो देवी सोमवार दोपहर अपनी दो बेटियों शोभा (15) और अंशिका (8) के साथ पटना देवकली मंदिर दर्शन करने गईं थीं। वह शाम के समय मंदिर से दर्शन करके लौट रहीं थीं। तीनों मां-बेटी शाहजहांपुर जिले की सीमा पर पहुंचीं थीं। उसी समय शाहजहांपुर की ओर से उनके गांव की एक पिकअप आ रही थी। इससे तीनों मां-बेटी उसी पिकअप में सवार हो गईं।
बताते हैं कि उसावां कस्बे के नजदीक आकर एक स्पीड ब्रेकर पर पिकअप पीछे से उछल गई। इससे शोभा और अंशिका पिकअप से उछलकर सड़क पर जा गिरीं। इसमें शोभा की मौके पर ही मौत हो गई। अंशिका के गंभीर चोटें आईं। इसकी सूचना पर उसावां थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत पिकअप को कब्जे में लेकर घायल बालिका को जिला अस्पताल भेज दिया। किशोरी के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। संवाद