बिनावर (बदायूं)। बरेली-बदायूं हाईवे पर शुक्रवार रात थाना क्षेत्र में अलापुर से आंवला जा रही बरातियों से भरी एक निजी बस पहिये के बोल्ट टूटने से खाई में पलट गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस देर रात तक बस को खाई से निकलवाने की कोशिश करती रही।
अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा सखानू निवासी जागेश्वरी पुत्र रामदीन की बरात शुक्रवार रात बरेली में आंवला कोतवाली क्षेत्र के सेंधा चापट जा रही थी। बताते हैं कि बरात में शामिल चार गाड़ियां दूल्हे के साथ निकल गईं थीं। उनके पीछे से निजी बस जा रही थी। उसमें करीब 60-65 बराती सवार थे। यह बस बरेली-बदायूं हाईवे पर बिनावर कस्बे से निकलकर बरातघर के सामने पहुंची थी। तभी हाईवे पर एक बड़े गड्ढे में बस का अगला पहिया चला गया। गड्ढा ज्यादा गहरा था। इससे पहिये के बोल्ट टूट गए। उससे बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गई। बस का ड्राइवर तुरंत कूदकर भाग गया। बरातियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद तमाम बराती स्वयं बाहर निकल आए। फिर उन्होंने अन्य बरातियों को बस से निकाल लिया। इस हादसे में सखानू निवासी अमरपाल, राकेश, भंवरपाल, कुंवरपाल और सुमित समेत करीब आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर बिनावर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बराती अपने घर लौट गए। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।