दातागंज (बदायूं)। दातागंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात बेलाडांडी पुल पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय पप्पू की मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। इस हादसे में एक युवक घायल हुआ है, जिसका स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।
कस्बे के परा मोहल्ला निवासी पप्पू पुत्र धनपाल शनिवार को बाइक पर पड़ोस के ही जितेंद्र (20) के साथ शाहजहांपुर से फरीदपुर गया था। दोनों लोग शनिवार देर रात दातागंज लौट रहे थे। बताते हैं कि उस दौरान कोई हेलमेट नहीं लगाए था। उनकी बाइक बेलाडांडी पुल पर पहुंची थी कि तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में ही घायल को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। परिवारवालों के पहुंचने के बाद पुलिस ने पप्पू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार दोपहर उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। संवाद