जरीफनगर (बदायूं)। बदायूं-मेरठ हाईवे पर रविवार रात जरीफनगर थाना क्षेत्र में उस्मानपुर के नजदीक कादराबाद निवासी सोहेल की बाइक डिवाइडर के पास लगे रेत के ढेर से टकराने के बाद फिसलकर गिर गई। इसमें गंभीर चोटें आने से सोहेल की मौके पर मौत हो गई। सोहेल और उसके दो साथी सहसवान से कपड़ा खरीदने के बाद अपने घर लौट रहे थे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
संभल जिले के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव कादराबाद निवासी 18 वर्षीय सोहेल के चचेरे भाई नाजिम सोमवार को शादी थी। परिजन के साथ सोहेल भी बरात में जाने की तैयारी में था। रविवार शाम सोहेल और उसके चचेरा भाई तारिक व एक ममेरा भाई कपड़े खरीदने के लिए सहसवान कस्बा आए थे। पुलिस के मुताबिक खरीदारी करने के बाद तीनों भ्राइ रात करीब दस बजे एक बाइक पर अपने घर कादराबाद लौट रहे थे। बदायूं-मेरठ हाईवे पर जरीफनगर थाना क्षेत्र में उस्मानपुर पुल के नजदीक पहुंचने पर उनकी बाइक डिवाइडर के नजदीक सड़क किनारे लगे रेत के ढेर से टकराने के बाद फिसलने के बाद सड़क पर गिर गई। इसमें सोहेल को गंभीर चोटें आईं। उसके चचेरे-ममेरे भाइयों को मामूली चोटें आईं।
इसकी सूचना पर जरीफनगर पुलिस मौके पर जा पहुंचीं। पुलिस ने तीनों घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जहां सोहेल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद रविवार दोपहर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। इस हादसे में घायल हुए दोनों युवकों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। सोहेल की मौत से शादी भरे घर में कोहराम मच गया।