सीसीटीवी फुटेज में कैद आरोपी। स्रोत- व्यापारी
बदायूं। शहर के सराफा बाजार में तीन सोने की चेन लेकर भागा बदमाश तीसरे दिन भी पकड़ा नहीं जा सका है। पुलिस को कोई सुराग न मिलने पर ज्वेलर्स एसोसिएशन ने आरोपी की पहचान बताने वाले को 51 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। साथ ही आरोपी का स्पष्ट चेहरा दिख रहे सीसी फुटेज सोशल मीडिया पर साझा किए हैं।
बता दें कि यह घटना बीते शुक्रवार की है। शहर में हलवाई चौक स्थित सराफा बाजार में ज्वेलर्स मोहित वैश्य की दुकान पर एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। वह कुछ देर तक आभूषण देखने का बहाना करता रहा। इसी बीच मौके का फायदा उठाकर उसने काउंटर से तीन सोने की चेन उठाईं और भाग गया।
दुकानदार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बाजार की भीड़ में गुम हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना के बाद पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक आरोपी का पता नहीं चल सका है। इससे व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है।
ज्वेलर्स एसोसिएशन से जुड़े हरि कृष्ण वर्मा ने बताया कि जो भी व्यक्ति आरोपी की सही जानकारी देगा या उसकी गिरफ्तारी में मदद करेगा, उसे 51 हजार रुपये का इनाम तत्काल दिया जाएगा। एसोसिएशन ने आमजन से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए फुटेज देखकर आरोपी की पहचान में सहयोग करें, ताकि चोरी गया माल जल्द बरामद हो सके और आरोपी पकड़ा जा सके।
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें लगी हुईं हैं। पुलिस का पूरा प्रयास है कि जल्द से जल्द आरोपी पकड़ा जाए। सभी प्रमुख बाजारों में सुरक्षा को लेकर लगातार पुलिस टीमें सक्रिय रहती है। सभी व्यापारी अपनी दुकानों पर सीसी कैमरे जरूर लगवाएं। - डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी