पट्टा टूटने से पिकअप पलटी, एक की मौत
जरीफनगर (बदायूं )। दिल्ली-बदायूं हाईवे पर मंगलवार देर शाम गुन्नौर बार्डर के नजदीक पट्टा टूटने से एक पिकअप पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। पिकअप सवार बेलौन से दो गाय खरीदकर लौट रहे थे।
उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर निवासी 50 वर्षीय तेजपाल पुत्र सुम्मेरी, कुंवरपाल पुत्र पोशाकी मंगलवार को बुलंदशहर जिले के गांव बेलौन की साप्ताहिक बाजार से दुधारू गाय खरीदने गए थे। इसके लिए उन्होंने पड़ोसी गांव स्वरूपपुर निवासी दीपेंद गुप्ता की पिकअप किराए पर की थी। शाम के समय तीनों लोग दो गाय खरीदकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में कादराबाद और जरीफनगर के बीच पिकअप का पट्टा टूट गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इसमें तेजपाल और कुंवरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक दीपेंद गुप्ता को भी गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची जरीफनगर पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया, जहां तेजपाल की मौत हो गई। उसके शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। हादसे के संबंध में परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। इधर, चालक दीपेंद की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।