हाईटेंशन लाइन ठीक करते समय तीन संविदा कर्मचारियों समेत कई झुलसे
बिना सूचना के सप्लाई चालू करने पर हुआ हादसा
अगोढ़ी-वीरमपुर के बीच सही कर रहे थे हाईटेंशन लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज। आंधी में टूटी हाईटेंशन लाइन ठीक करते करंट लगने से तीन संविदा कर्मचारी समेत कई लोग झुलस गए। इनमें एक संविदा कर्मी की हालत नाजुक है। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
दो दिन पहले आई आंधी में दातागंज तहसील क्षेत्र के गांव अगोढ़ी और वीरमपुर के बीच 11 हजार की हाईटेंशन लाइन टूट गई थी। इससे क्षेत्र की सप्लाई बंद थी। बुधवार को दातागंज उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मी योगेश निवासी पापड़, नन्हें निवासी हजरतपुर और रंजीत निवासी मूसाझाग लाइन ठीक करने गए थे। वीरमपुर के प्रधान संजय शर्मा भी गांव के16 लोगों को लेकर लाइन ठीक कराने जा पहुंचे। संविदा कर्मियों के मुुताबिक लाइन को ठीक करते समय बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। शाम करीब छह बजे अचानक बिना सूचना के लाइन में सप्लाई चालू कर दी गई। तभी करंट लगने से योगेश, नन्हें और रंजीत के अलावा वीरमपुर निवासी प्रकाश शाक्य, महेश, राकेश, अवधेश, रिंकू और दुर्विज दूर जाकर गिरे। सभी लोग करंट लगने से झुलस गए। योगेश की हालत बेहद नाजुक है।
सूचना पर उपकेंद्र से सप्लाई को बंद किया गया। खबर मिलने पर आसपास गांवों के लोग पहुंच गए। प्रधान संजय शर्मा ने सभी को अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से झुलसे योगेश को जिला अस्पताल भेजा गया है। इस बारे में थाना पुलिस ने जानकारी होने से इंकार किया है। वहीं अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय एमके अहीरवार से बात की गई तो उन्होंने भी जानकारी होने से इंकार किया।