छत से गिरे युवक की
इलाज के दौरान मौत
इस्लामनगर (बदायूं)। रिश्तेदारी में छत से गिरकर घायल हुए युवक की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार वालों ने अपने रिश्तेदारों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है लेकिन इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
करीब 45 वर्षीय करन सिंह पुत्र रामस्वरूप इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर सगवा निवासी था। करन सिंह करीब चार-पांच दिन पहले अपनी फुफेरी बहन रसूलपुर गढ़िया सहसवान निवासी के घर गया था। सूत्रों के मुताबिक युवक रिश्तेदारी में छत से गिरकर घायल हो गया। रिश्तेदारों ने एक दिन उसका इलाज भी कराया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। बुधवार को कुछ लोग उसे घेर में छोड़कर चले गए। हालत गंभीर होने पर करन सिंह को उसकी पत्नी रज्जो और उसका बेटा चंदौसी ले गए, जहां देर शाम उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो देर शाम परिवार वाले करन सिंह के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। तभी उसका साला आनंद निवासी सुदंरनगर निवासी ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। साथ ही आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया और फिर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। अभी परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस भी इसे हादसा मान रही है।