दंगल में जोरआजमाइश करते पहलवान। संवाद
दहगवां। मनोकामेश्वर मेले में आयोजित दंगल में पहलवानों ने दमखम दिखाया। पहले दिन 32 कुश्तियां कराई गईं। इसमें से 15 मुकाबले बराबरी पर छूटे। सबसे ज्यादा रोमांचक मुकाबला हाथरस के बंटी और अकसोली के रमन के बीच हुआ। यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। दर्शकों ने दोनों पहलवानों के दांव-पेच पर जमकर तालियां बजाईं।
बाल पहलवानों की श्रेणी में भी दमदार प्रदर्शन देखने को मिला। जिजौड़ा के कुलदीप ने सादाबाद राकेश को और दहगवां के अजहर ने उझानी के सुरेंद्र को चित्त किया। दातागंज के जगदीश ने मझोलरा के पप्पू को और अयोध्या के अनुज ने मझोला विक्रम को हराया। इसके अलावा दांदो के प्रीतम ने वरखेड़ा के चंद्रकेश को व डकारा के सत्यवीर ने पीलीभीत के ज्ञानी को पटखनी दी। कासगंज के अर्जुन ने गुधनी के आदेश और शाहजहांपुर के विनोद ने उत्तराखंड के राज को शिकस्त दी। दंगल के दौरान मौजूद दर्शकों को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित भी किया गया, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों का उत्साह बढ़ा। इस अवसर पर मेला आयोजक मयंक गुप्ता, नरेश चंद्र गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य कुलदीप गुप्ता, माधव गुप्ता, विजेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
दंगल में जोरआजमाइश करते पहलवान। संवाद