बदायूं। सावन के पहले सोमवार पर रविवार सुबह कछला गंगाघाट से 251 श्रद्धालुओं का जत्था 11 फुट लंबी और 11 फुट चौड़ी कांवड़ लेकर पीलीभीत के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु 51 लीटर गंगाजल लेकर निकले हैं, जिससे सोमवार को पीलीभीत के गौरीशंकर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
भक्तों ने बताया कि उनकी टोली का लक्ष्य बिना कहीं विश्राम किए 24 घंटे के भीतर पीलीभीत पहुंचना है। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु एक-दूसरे का सहयोग करते हुए बारी-बारी से कांवड़ उठाते हैं। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच रवाना हुई यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। यात्रा में शनि, मनीष तिवारी, अतुल, सुनील सहित कुल 251 श्रद्धालु शामिल रहे।
हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने निकाली जलयात्रा, नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचे
बदायूं। हिंदू रक्षा दल, सहसवान के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रविवार को कछला गंगाघाट से जलयात्रा निकाली। संगठन के कार्यकर्ता एक आकर्षक रथ, बड़े डीजे और गंगाजल के साथ बदायूं के नीलकंठ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने रास्ते भर उद्घोषणा करते हुए कहा कि यह यात्रा समाज में हिंदू एकता और जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। श्रद्धालु सोमवार सुबह नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। जल यात्रा में हरिओम, करण, दिनेश, सुशील, निशांत, सौरभ, पंकज, सुमित, यश, जयप्रकाश, आकाश, आलोक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो उठा। संवाद
कछला से पीलीभीत को कांवड़ ले जाते श्रद्धालु। संवाद