उझानी। फोटो कॉपी करने में इस्तेमाल ए फोर साइज के पेपर बेचने की डील करके दुकानदार योगेंद्र मौर्य से 24 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। ऑनलाइन डील करने वाले ने जब दुकानदार से ट्रांसपोर्ट का चार्ज मांगा तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
योगेंद्र मौर्य मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव ज्योरा पारवाला के निवासी हैं। वह कंप्यूटर और लैपटॉप के पार्ट्स बेचते हैं। 31 मई की दोपहर उनके मोबाइल फोन पर ए-फाेर साइज के पेपर को लेकर कॉल आई। योगेंद्र से कहा गया कि वह मार्केट रेट से सस्ते में पेपर के बंडल उपलब्ध करा देंगे। इसके बाद 24 हजार रुपये में दोनों के बीच डील हो गई। दुकानदार योगेंद्र ने उसी दिन शाम को सात हजार दो सौ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। दो दिन इंतजार के बाद भी पेपर के बंडलों की डिलीवरी नहीं हुई तो उन्होंने संबंधित व्यक्ति को फोन किया।
फोन पर बातचीत के बाद योगेंद्र ने 16800 रुपये भी उसी नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। दुकानदार योगेंद्र के मुताबिक- मंगलवार सुबह उन्होंने फिर फोन किया तो आरोपी ने ट्रांसपोर्ट खर्चा देने की बात कहकर उन्हें गुमराह किया। योगेंद्र से यह भी कहा गया था कि आर्थिक दिक्कत होने की वजह से माल नहीं भेजा जा सका है। ठगी का अहसास होने पर दुकानदारों ने अपने परिचितों को भी हकीकत से अवगत कराया। इसे लेकर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने इस तरह की जानकारी होने से इंकार किया है।
एक रुपये जमा होने का आया मेसेज फिर खाते से कट गए 59 हजार रुपये
- फरीदपुर चकोलर के किसान ने पुलिस को तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव। ऑनलाइन सक्रिय साइबर ठग लगातार लोगों को नए-नए तरीके से अपना शिकार बना रहे हैं। थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर चकोलर निवासी किसान अयोध्या प्रसाद को अलग तरह से ठगी का शिकार बनाया गया। उनके खाते में पहले एक रुपये जमा होने का मेसेज आया। फिर तीन बार में 59 हजार रुपये खाते से कट गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम फरीदपुर निवासी अयोध्या प्रसाद किसान हैं। उनका कहना है कि सोमवार को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाला उन्हें नाम लेकर बुला रहा था और उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश कह रहा था। वह उसकी बात समझ नहीं पाए। इससे उन्होंने कॉल समाप्त कर दी। इसके कुछ देर बाद उनके खाते में एक रुपये जमा होने का मेसेज आया। वह मामले को समझ पाते इससे पहले ही उनके खाते से 20 हजार रुपये कट दिए। इसके कुछ देर बाद फिर 20 हजार और बाद में 19 हजार रुपये कट गए। उनके खाते से कुल 59 हजार रुपये की ठगी हो गई। यह देखकर वह हैरान रह गए। वह तुरंत बैंक पहुंचे, लेकिन तब तक बैंक बंद हो चुकी थी।
मंगलवार को उन्होंने बैंक आकर स्टेटमेंट निकलवाया। पता चला कि उनके खाते से ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर किए गए थे। बाद में उन्होंने थाने आकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।