फोटो-19,20,21
हर्रेरामपुर में घुसा पानी, हजारों बीघा फसल हुई जलमग्न
रामगंगा का जलस्तर और बढ़ा, लगातार पानी बढ़ने से चिंतित हैं लोग
60-70 बीघा जमीन कटी, एसडीएम-सीओ ने लिया इलाके का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज। रामगंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार रात हजरतपुर और शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन को जाने वाले रोड स्थित गांव हर्रेरामपुर में पानी घुस गया। सकतपुर और जड़तौली के रास्ते पर रपटा पुलिया पर 10-10 फुट ऊपर तक पानी बह रहा है। नगरिया खनू, नवादाबदन, लालपुर खादर ग्राम पंचायत में हजारों बीघा फसल पूरी तरह से जलमग्न हो गई है, जबकि 60-70 बीघा जमीन पानी के बहाव से कट चुकी है। सिमरिया गांव में पानी टक्कर मार रहा है। रामगंगा पार के गांवों में पानी के प्रवेश कर जाने से वहां से लोग बेहद चिंतित हैं। वजह है कि उन सभी गांवों का संपर्क दातागंज से पूरी तरह कट चुका है। एसडीएम-सीओ ने बुधवार को हजरतपुर के पुल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा भी लिया।
कई दिनों से निरंतर वर्षा होने की वजह से रामगंगा का जलस्तर काफी बढ़ गया है। रामगंगा का पानी नगरिया खनू स्थित बाढ़ चौकी के कई गांवों में घुस गया है। लालपुर खादर,शेरपुर पट्टी, नवादा बदन और नगरिया खनू ग्राम पंचायत के 20 गांव जो कि रामगंगा के दूसरी ओर स्थित हैं उनमें पानी लगातार घुस रहा है। बुधवार को पानी और बढ़ गया। सिमरिया गांव में यह स्थिति है कि जलस्तर के बढ़ जाने से पानी गांव में लगातार टक्कर मार रहा है। हर्रेरामपुर और गढ़िया रंगीनपुर का मार्ग मंगलवार से ही पानी के भर जाने की वजह से बंद हो गया है। मंगलवार को पानी सड़क पर था और आज गांव हर्रेरामपुर में भी घुस गया। सकतपुर-जड़तौली के रास्ते पर स्थित रपटा पुलिया पर 10-10 फुट पानी चल रहा है। नगरिया खनू बाढ़ चौकी इलाके के गांवों में हजारों बीघा खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह से जलमग्न हो गई है।
दातागंज इलाके में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो जाने पर बुधवार को एसडीएम दिनेश कुमार सिंह और सीओ एसपी सिंह ने हजरतपुर स्थित पुल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने पुलिस से भी बात की। साथ ही राजस्व कर्मियों को भी हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने रामगंगा पार के लोगों से कहा है कि वे सुरक्षित स्थान पर रहें।
सकतपुर और जडतौली के रास्ते में कई फुट तक पानी आ जाने से दोनों गांवों के लोग बेहद चिंतित हैं। प्रभावित क्षेत्र में लगभग 60-70 बीघा जमीन रामगंगा में समा कर कट चुकी है। हजरतपुर के पास भी कटान शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह जलस्तर बढ़ता गया तो हालात ज्यादा खराब हो सकते हैं।
इंसेट-
डनलप बने हैं लोगों का सहारा
हर्रेरामपुर-गढिय़ारंगीन पुर के रास्ते पानी की वजह से बंद हो गए हैं। क्षेत्र के कई लोगों ने डनलप लगा दिए हैं और उसी के सहारे लोग रामगंगा को पार कर रहे हैं। सवारियों से तीस रुपये और बाइक-स्कूटी वालों से 50 रुपये वसूले जा रहे हैं।
सिमरिया वाले ईश्वर से कर रहे है प्रार्थना
रामगंगा के पार स्थित गांव सिमरिया की आबादी लगभग 13 सौ हैं। इस गांव में कई परिवार रहते हैं। गांव में पानी के घुस आने से लोग ईश्वर से यहीं प्रार्थना कर रहे हैं कि अब पानी ज्यादा न बढ़े।
------------
इंसेट-
गांव में पानी बढ़ जाने की वजह से अकेले हर्रेरामपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में करीब चार हजार बीघा खेतों में खड़ी फसल जलमग्न हो गई है। इसी तरह अन्य ग्राम पंचायतों में स्थिति बनी हुई है।
- जितेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य हर्रेरामपुर
रामगंगा में पानी कुछ बढ़ा है। दातागंज एसडीएम और सीओ को पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया है। बाढ़ चौकियां पहले से अलर्ट हैं। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की हर संभव मदद की जाएगी।
- दिनेश कुमार सिंह, डीएम