मेला ककोड़ा (बदायूं)। ककोड़ा मेले के लिए परिवहन निगम ने पांच रोडवेज बसें लगाई हैं। इस दौरान बदायूं से मेला स्थल तक का किराया 27 रुपये लिया जाएगा।
वैसे तो हर साल ककोड़ा मेला आने-जाने को रोडवेज बसें संचालित होती हैं लेकिन किराया हर बार अलग तय होता है। परिवहन निगम ककोड़ा मेले से लेकर बदायूं की दूरी के आधार पर किराया निर्धारित करता है। इस बार पांच बसें ककोड़ा मेले में बनाए गए स्टैंड पर जाकर रुकेंगी। यह मेला स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर होगा। इस बार ककोड़ा मेला गंजडुडवारा जाने वाले रास्ते पर कुछ दूर लगा है। परिवहन निगम की माने तो ककोड़ा मेले में बसें लगने से उन यात्रियों को भी लाभ मिल सकेगा जो गंजडुडवारा पुल के आस-पास गांव के रहने वाले हैं।
परिवहन निगम के एआरएम राजेश कुमार का कहना है कि ककोड़ा मेला आने-जाने के लिए अभी पांच बसें लगाई गई हैं। अगर यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। यात्रियों को कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी।
ककोड़ा मेले में बाधा नहीं बनेगा मोबाइल नेटवर्क
मेला ककोड़ा। इस बार ककोड़ा मेले में मोबाइल नेटवर्क बाधा नहीं बनेगा। मेला आने जाने-वाले लोग एक-दूसरे से आराम से बात कर सकेंगे। हर साल यहां अक्सर नेटवर्क जबरदस्त व्यस्त हो जाता है, जिससे लोगों के मोबाइल तो चालू रहते हैं लेकिन वह एक-दूसरे से बात नहीं कर पाते। खासकर यह नेटवर्क पूर्णिमा से एक दिन पहले से खराब होने लगता है। फिर तीसरे दिन तक समस्या ज्योंकि त्यों बनी रहती है। इस बार डीएम के आदेेश पर मोबाइल टॉवर लग रहा है। इससे बीएसएनएल और जीओ नेटवर्क की सुविधा मिल सकेगी।
ककोड़ा मेला ग्रुप से जुड़ेगा हर पुलिस कर्मी
मेला ककोड़ा। इस बार मेले में तैनात हर पुलिस कर्मी ककोड़ा मेला ग्रुप से जोड़ा जाएगा। इसके एडमिन सीओ उझानी भूषण वर्मा और मेला कोतवाली इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था या कोई वारदात होने पर यह ग्रुप संदेश का आदान-प्रदान करेगा। इससे सभी अधिकारियों को फोन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसी से सभी को जानकारी मिलती रहेगी।
सोलह फुट और चौड़ा कराया गंगा घाट का रास्ता
मेला ककोड़ा। मेला कोतवाली से लेकर गंगा घाट तक जाने के लिए अब श्रद्धालुओं को जाम के झाम से नहीं जूझना पड़ेगा। इंस्पेक्टर कोतवाली सत्यप्रकाश सिंह ने मेला कोतवाली से लेकर गंगा घाट तक का मार्ग आठ-आठ फुट चौड़ा करा दिया है।