बदायूं। नगर निकाय चुनाव में मतदान के दिन छोटे बच्चों की माताओं, महिलाओं, युवतियों को एक ही लाइन में लगना पड़ता था। ऐसे कई-कई जगहों पर भीड़ अधिक होने के कारण मताधिकार का प्रयोग करने के लिए एक से दो घंटे तक लाइन में लगना पड़ता है, लेकिन इस बार पांच साल तक के बच्चों की माताओं को लाइन में नहीं लगाना पड़ेगा।
मतदान के दौरान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग लगातार नए-नए कार्यक्रमों को संचालित करवा रहा है। ताकि मतदाताओं को मत की अहमियत समझ में आ जाए। वहीं इस बार चुनाव आयोग ने नगर निकाय चुनाव में पांच साल तक के बच्चों की माताओं के लिए गाइड लाइन जारी की है। इसके तहत अब ऐसी माताओं को किसी भी पोलिंग बूथ पर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। वह सीधे जाकर अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं। वहीं 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को भी वोट डालने के लिए लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि आयोग की ओर से निर्देश मिले हैं। इसका पूरा पालन किया जाएगा। सभी को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है।