बदायूं। लोकसभा चुनाव के तहत मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्य अपने समर्थकों के साथ पहुंचीं तथा पर्चा दाखिल किया। उनके अलावा दो अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन कराया, वहीं छह नामांकन प्रपत्र भी बिके।
विगत 28 मार्च से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया चार अप्रैल तक चलेगी। मंगलवार को पांचवें दिन भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्य नामांकन करने के लिए पहुंचीं। उसके साथ शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य मौजूद रहे। कल्याणकारी जनक्रांति पार्टी से महेश श्रीवास्तव और संयुक्त समाजवादी दल से मनीष कुमार झा ने भी अपना पर्चा भरा। इसके अलावा भारतीय गदर पार्टी के प्रत्याशी समेत छह दावेदारों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। अब तक कुल 33 दावेदार नामांकन प्रपत्र खरीद चुके हैं।
----
कलक्ट्रेट में बढ़ने लगी रौनक
नामांकन कराने की अंतिम तिथि जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे नामांकन कराने वालों की संख्या में इजाफा होने लगा है। अब तक चार दिनों में तीन प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था, जबकि मंगलवार को ही तीन प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए।
----
ड्रोन कैमरे से की गई निगरानी
नामांकन कराने कौन-कौन प्रत्याशी आ रहा है, उसके साथ में कौन-कौन प्रस्तावक है, उन सबकी वीडियो रिकॉर्डिंग जिला प्रशासन अपने स्तर से करा रहा है। इसके लिए जहां प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं वहीं ड्रोन कैमरे की भी व्यवस्था की गई है, ताकि वहां पर होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सके।