बदायूं। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्ति के चाहे जितने दावे करे, लेकिन परिषदीय स्कूलों में घपलेबाजी खत्म नहीं हो रही है। शनिवार को बीएसए ने उसावां ब्लाक के ग्राम रतेनगला स्थित परिषदीय विद्यालय में छापा मारा तो पता चला कि मिड-डे मील को बनाने के लिए लाया गया गैस सिलेंडर एक रिटायर शिक्षक के घर चल रहा है।
बीएसए प्रेमचंद्र यादव ने शनिवार को चउसावां ब्लाक के रसूलपुर, बनबौसारी, जसमाह, उसावां, प्रताप नारायन शिक्षा समिति उसावां और म्याऊं ब्लाक के मंशा नगला, म्याऊं, बुधुआ नगला स्थित परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। बीएसए को छापे के दौरान कई स्कूलों में घपला मिला। बीएसए के मुताबिक उसावां ब्लाक के ग्राम रतेनगला के प्राथमिक विद्यालय में रसोई का गैस सिलेंडर सेवानिवृत्त सहायक अध्यापक के घर और एक सिलेंडर ब्लाक संसाधन केंद्र पर चल रहा था। बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी को तत्काल सिलेंडर विद्यालय में उपलब्ध कराने के लिए कहा। इसी विद्यालय की शिक्षामित्र रेखारानी गायब थीं। इस पर शिक्षमित्र का जवाब तलब किया। प्रताप नारायन शिक्षा समिति उसावां के नाम से स्कूल टिन शेड में बिना मान्यता के चलता मिला। इसमें सभी शिक्षक अप्रशिक्षित मिले। खंड शिक्षा अधिकारी को तत्काल स्कूल बंद कराने के निर्देश दिए। जसमाह में अतिरिक्त कक्षा कक्ष का निर्माण अधो मानक मिला। बीएसए ने निर्माण प्रभारी का नाम और रिकवरी कराने का खंड शिक्षाधिकारी को निर्देश दिया है।