बदायूं। सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम दिनेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा सप्ताह की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि लोगों को यातायात नियमों के बारे में बताया जाएगा। विद्यालयों के अध्यापक ये ध्यान रखें कि कोई भी बच्चा बिना लाइसेंस के वाहन नहीं चलाए। एआरटीओ प्रवर्तन सुहेल अहमद को निर्देश दिए कि ओवरलोड वाले वाहनों को न चलने दिया जाए।
डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर बने अवैध कटों को हर हाल में बंद कराएं। प्रत्येक वाहन में रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाया जाए। यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराएं। डीएम ने कहा कि सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से कोई वाहन खड़ा न करे। अगर कोई करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिले के विभिन्न विद्यालयों में चल रहे वाहनों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों को लागू कराए जाने की कार्रवाई परिवहन विभाग करे। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर ट्रॉली में रिफ्लेक्टर/रेडियम टेप लगाए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाएं और तेज रफ्तार और खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जितने भी ब्लैक स्पॉट हैं, उन्हें जल्द से जल्द बंद करवाया जाए। डीएम ने रोडवेज एआरएम को निर्देश दिए कि बसों का संचालन ड्राइवर द्वारा निश्चित गति में ही किया जाए। इस मौके पर एडीएम एफआर महेंद्र सिंह, एडीएम रामनिवास शर्मा, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।