बदायूं। जिले में मंगलवार को क्रिसमस धूमधाम से मनाया गया। गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। लोटनपुरा स्थित क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च के पादरी अशोक मसीह ने पापों से मुक्ति के लिए प्रभु यीशु पर विश्वास करने और उनके बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। चर्चों में मेले का आयोजन किया गया। दिनभर बधाई देने का सिलसिला चला।
क्रिसमस की धूम सोमवार शाम से शुरू हो गई थी। गिरजाघरों में सोमवार शाम शुरू हुए आयोजन मंगलवार सुबह तक चलते रहे। जहां लोगों की जबरदस्त भीड़ रही। मैथोडिस्ट, कैथोलिक चर्च और क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च में प्रभु यीशु की झांकियां सजाई गईं। सोमवार रात 12 बजे केक काटा गया, जिसे प्रसाद के रूप में वितरित किया। बच्चों ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। क्रिसमस कैरोल गाए गए।
शहर के लोटनपुरा स्थित क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च में मंगलवार सुबह दस बजे पास्टर अशोक मसीह ने विशेष प्रार्थना सभा कराई। इस अवसर पर मधुर गीतों के साथ प्रभु यीशु की महिमा सुनाई गई। पास्टर धर्मेंद्र लाल ने बाइबिल पाठ से समझाया कि किस प्रकार प्रभु यीशू का जन्म हुआ। कहा कि प्रभु यीशु का जन्म पूरी मानव जाति को पापों से मुक्ति दिलाने को हुआ। प्रार्थना सभा के अंत में पास्टर अशोक मसीह ने कहा कि पापों की मुक्ति के लिए प्रभु यीशु पर विश्वास करने तथा अपने पापों को छोड़कर, यीशु के पीछे चलना चाहिए। तभी हम उद्धार पा सकते हैं।
इंदिरा चौक स्थित मैथोडिस्ट चर्च के पास्टर सचिन रॉबिंसन ने विशेष प्रार्थना सभा कराई। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु का जन्म लोगों के अंदर व्याप्त अहंकार, पाप और ईर्ष्या को दूर करने के लिए हुआ था। आजकल लोग खुद के दुख के बजाए दूसरे के सुख से दुखी है, जो कि गलत है। प्रभु यीशु ने खुद दुख सहकर अपने विचार मात्र से दूसरों के जीवन में उजाला किया। पुलिस लाइन चौराहे के पास स्थित कैथोलिक चर्च में पास्टर अनूप ने विशेष प्रार्थना सभा कराई। इनके अलावा जिले के सभी गिरिजाघरों में विशेष सभा हुई।
----
मनोज मसीह ने गरीबों को कंबल बांटे
क्रिसमस के अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मनोज मसीह ने गरीबों को कंबल वितरित किए। शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक कुमार, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य क्रिसमस की बधाई देने मनोज मसीह के घर पहुंचे।
------------
युवाओं में दिखा सेल्फी का क्रेज
चर्च में प्रार्थना सभा के उपरांत युवाओं में एक-दूसरे के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। सेल्फी लेने में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं अपने परिवार और बच्चों के साथ उन्होंने सेल्फी लेकर आंनद लिया।