फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऐसा बवाल करा दूंगा कि संभाले नहीं संभलेगा: सोम

Sun, 08 Jun 2014 07:37 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
चचेरे भाई-बहन की हत्या के मामले में कुरथल पहुंचे भाजपा विधायक संगीत सोम ने थानेदार को हड़का लिया। ग्रामीणों को शांत करने के बाद विधायक ने इंस्पेक्टर से कहा कि केस ठीक से नहीं सुलझाया तो ऐसा बवाल होगा कि संभाले नहीं संभलेगा।
विज्ञापन


गांव कुरथल में लापता भाई-बहन विनोद और अनीता की कुछ घंटों के अंतराल में लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। डबल मर्डर की सूचना पर सरधना विधायक संगीत सोम भी समर्थकों के साथ पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।

इसी दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्र को पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने पर बवाल कराने की धमकी भी दे डाली।

चुप्पी साधे रहे कोतवाल

विधायक की इस धमकी से बुढ़ाना कोतवाल चुप्पी साधे रहे, लेकिन मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों ने इसे कैमरे में कैद कर लिया। मामला चैनलों पर उछला तो सियासी हलकों में तूफान मच गया।

सितंबर 2013 में हुई सांप्रदायिक हिंसा में पहले से ही रासुका में निरुद्ध किए जा चुके विधायक संगीत सोम की इस धमकी पर अफसरों ने भी चुप्पी साध ली है। एसएसपी हरिनारायण सिंह का कहना है कि बुढ़ाना इंस्पेक्टर ने उनसे इस बाबत कोई शिकायत नहीं की है। यदि ऐसा है तो जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोले विधायक

'कोतवाल धनंजय जी, सुनिये! घटना में न्याय होना चाहिए। हमारी ऐसी मनोस्थिति नहीं कि हम बवाल कराएं, लेकिन अगर मामला ठीक से नहीं सुलझाया तो बवाल ऐसा करा दूंगा कि तुमसे संभाले नहीं संभलेगा।'

‘मैंने तो बवाल होने से बचाया’
कुरथल में दिए गए बयान पर देर शाम विधायक संगीत सोम से ‘अमर उजाला’ ने बात की तो उनका कहना था कि ग्रामीण लाश उठने नहीं दे रहे थे। भीड़ बवाल करने पर उतारू थी। डीएम-एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग की जा रही थी। ग्रामीणों को समझाने के लिए उन्होंने पुलिस से सख्त लहजे में बात की थी, इसमें कौन सी गलत बात है। पुलिस ने इस केस में कुछ नहीं किया। ग्रामीणों ने खुद ही लाशें तलाश कीं।

कुरथल में भाई-बहन की नृशंस हत्या

बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के कुरथल निवासी जयपाल की बेटी अनीता (18) तीन दिन पूर्व खेतों पर पिता को खाना देकर लौटते समय लापता हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को शुक्रवार दोपहर तहरीर देकर उसके अपहरण का आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताई थी। शुक्रवार शाम जयपाल के ही खेत पर स्थित कुएं में लाश देखी गई, जिसे अनीता मानते हुए ग्रामीणों ने गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका जताकर हंगामा किया।

देर रात करीब दो बजे किसी तरह लाश को 70 फीट गहरे कुएं से निकाला गया तो वह अनीता के बजाय उसके ताऊ सतपाल के लड़के विनोद (22) की निकली। यह देख ग्रामीणों के साथ पुलिस अफसर भी हैरान रह गए। पूछताछ में पता चला कि विनोद भी एक जून से लापता था, लेकिन उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। पुलिस ने लाश को मोर्चरी भेजकर ग्रामीणों के साथ शनिवार सुबह एक बार फिर युवती की तलाश में आसपास खेतों की खाक छानी।

इस बार जयपाल के खेत से करीब 200 मीटर दूर स्थित गन्ने के खेत से एक और सड़ी-गली लाश मिली। उसके पास मिले कपड़ों से लाश की शिनाख्त अनीता के रूप में की गई। लाश से कुछ दूरी पर एक लाल रंग की मर्दाना टी-शर्ट और सल्फास की शीशी भी पड़ी मिली। अनीता की हत्या के बाद लाश पर तेजाब डालकर उसे पूरी तरह जला दिया गया था।
विज्ञापन

ग्रामीणों ने किया घंटों हंगामा

सूचना पर एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी, सीओ फुगाना एसपी शर्मा और इंस्पेक्टर धनंजय मिश्र मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें लाश नहीं उठाने दी। ग्रामीणों ने युवती से गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और डीएम-एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

दोहरे हत्याकांड की सूचना पर सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम भी गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। तब कहीं जाकर कई घंटे बाद पुलिस लाश को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज सकी।

अनीता के पिता जयपाल ने तीन के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है। एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें