गोशाला में घायल बछडे़ को छोड़ने का आए युवकों को पीटा
बिजनौर। पशु चिकित्सक के कहने पर घायल बछड़े को गोशाला लेकर गए दो युवकों को ठेकेदार व उसके साथियों ने पीटकर घायल कर दिया। दोनों युवकों पर बछड़े को मारने का झूठा आरोप लगाते हुए मौके पर भीड़ जमा कर ली। दोनों युवकों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। युवकों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
गांव गजरौला अचपल निवासी विकास कुमार ने थाना मंडावर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि तीन सितंबर की शाम करीब चार बजे पशुओं के चिकित्सक डॉ. मौसम का फोन उसके पास आया। उन्होंने बताया कि मालन नदी के पुल के पास एक बछड़ा घायल पड़ा है। चिकित्सक के कहने पर वह और उसका साथी देशराज बछड़े को ई-रिक्शा में रखकर गोशाला में छोड़ने गांव रावली गए। गोशाला पर पवन कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाली गलौज करते हुए उन्हें बुरी तरह से पीटा। पवन व उसके साथियों ने यह कहते हुए मौके पर भीड़ जमा कर ली कि विकास ने ही बछड़े को घायल किया है। किसी तरह वह और उसका साथी देशराज उनके चंगुल से छूटकर भागे। पवन ने बछड़े को भी गोशाला में भर्ती नहीं किया।
बाद में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भूपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बछड़े को मंडावर में गोशाला में भर्ती कराया गया। इस घटना से हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में उबाल है। उनका कहना है कि गोशाला में चिकित्सक के कहने पर युवक बछड़े को लेकर गए थे। इस तरह की घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वे इस संबंध में डीएम और एसपी से मिलकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग करेंगे। इस गोशाला का ठेका जिला पंचायत की ओर से दिया गया है।