धामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विलाप करते सड़क हादसे में मृतक युवक के परिजन स्रोत संवाद
धामपुर। नूरपुर मार्ग पर ग्राम नींदडू के निकट ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने से बाइक सवार 21 वर्षीय सोनू की मौत हो गई। वहीं उसके दो अन्य साथी घायल हो गए। घटना से गुस्साए मृतक के परिजनों ने घटनास्थल पर जाम लगाने का प्रयास किया। वहीं घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
बृहस्पतिवार को नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव शाहदपुर गुलाल निवासी 21 वर्षीय सोनू कुमार अपने दो साथियों के साथ बाइक से धामपुर की ओर आ रहा था। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम नीदंडू से धामपुर के बीच स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राॅली की चपेट में आ गई।
हादसे में बाइक सवार सोनू कुमार 21 वर्ष पुत्र घसीटा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहित कुमार 22 वर्ष और शिवम 20 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गुस्साए परिजनों ने मौके पर जाम लगाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, हादसे में घायल युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मृतक के भाई सुमित ने बताया कि भाई अपने साथियों के साथ किसी काम से धामपुर आ रहा था। सोनू दो भाइयों ने छोटा था। कारीगरी का काम करता था।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक राजेश चौहान का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।