बस की चपेट में आकर युवक की मौत
हल्दौर(बिजनौर)। बाइक से ससुराल जा रहे युवक की गांव चूड़ियाखेड़ा के निकट बस की चपेट में आकर मौत हो गई। चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक के भाई ने फरार बस चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव सालमाबाद भैरेरा निवासी सोनू (28) की धामपुर के गांव चक राजमल सरकड़ा में ससुराल है। शुक्रवार को वह बाइक से ससुराल जा रहा था। सोनू गांव चुड़ियाखेड़ा के निकट स्थित भाई-बहन के मंदिर के निकट पहुंचा तो नहटौर से बिजनौर की ओर जा रही प्राइवेट बस से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए एंबुलेंस से बिजनौर भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने नाजुक हालत में मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय सोनू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सोनू के बड़े भाई बंटी ने फरार बस चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक कांति प्रसाद शर्मा ने बताया कि बस चालक की तलाश की जा रही है।