संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर। हॉर्न बजाने से गुस्साए युवकों ने रोडवेज बस के सामने बाइक लगाकर उसे रोक लिया। उन्होंने चालक, परिचालक व सवारियों के साथ मारपीट की। बस के शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख युवक वहां से भाग निकले। वीडियो के आधार पर पहचान कराकर पुलिस ने दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बिजनौर डिपो की बस सोमवार शाम नगीना से बिजनौर जा रही थी। चालक अर्जुन सिंह निवासी झाल उलेढ़ा थाना हीमपुर दीपा ने बताया कि करीब साढ़े चार बजे नहटौर-कोतवाली रोड पर नहटौर डिग्री कॉलेज के सामने उन्होंने आगे जा रहे बाइक सवारों को बचने के लिए हॉर्न बजाया। इस पर बाइक तेज करके उन्होंने बस के आगे लगा दी तथा उनके व परिचालक हरिओम निवासी ग्राम काजीवाला थाना नगीना के साथ गाली गलौज की।
विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की तथा बस में तोड़फोड़ की। उन्हें बचाने आई सवारियों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को आता देख आरोपी भाग गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। परिचालक द्वारा बनाई गई वीडियो के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।