पंखे से लटककर युवक ने जान दी
मंडावर। क्षेत्र के गांव करीमपुर नंगली निवासी एक युवक ने मंडावर स्थित एक दर्जी की दुकान में छत के पंखे से लटककर जान दे दी। युवक इसी दुकान पर रहकर सिलाई का काम करता था। मृतक के परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव को लेकर चले गए।
गांव करीमपुर नंगली निवासी प्रमोद कुमार (20) पुत्र घसीटा सिंह मंडावर कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक के सामने एक दर्जी की दुकान पर सिलाई का काम करता था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार दोपहर को वह बिना बताए घर से निकल गया। घर से निकलकर वह दर्जी की दुकान पर काम करने वाले शहबाजपुर निवासी दूसरे युवक के पास पहुंचा। दुकान स्वामी ने बताया कि उसकी दुकान की चाबी शहबाजपुर निवासी उस युवक के पास रहती है। प्रमोद उस युवक से दुकान की चाबी लेकर दुकान पर चला गया। उसने दुकान का ताला खोला और दरवाजा अंदर से बंद कर छत के पंखे से लटककर फांसी लगा ली। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश करते हुए परिजन जब दुकान पर पहुंचे तो दुकान का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने पर देखा तो युवक का शव पंखे से लटका मिला। घटना की सुचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पंखे से उतारा। परिजनों द्वारा किसी भी कार्रवाई से इन्कार करने पर पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। युवक के फांसी लगाने के कारणों को अभी पता नहीं लग पाया है।