बिजनौर में परिषदीय स्कूलों में एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू होगा। इस बार इन स्कूलों में बच्चों को योग की शिक्षा देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शिक्षकों को योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में नए शिक्षा सत्र में शिक्षा व्यवस्था बदली-बदली दिखाई देगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। शासन के निर्देश पर इन स्कूलों के बच्चों को योग की शिक्षा देने का प्रावधान किया जा रहा है। प्रथम चरण में जनवरी के महीने में प्रदेश स्तर पर इलाहाबाद में प्रत्येक जिले से तीन-तीन शिक्षकों को योग का प्रशिक्षण देकर मास्टर ट्रेनर नियुक्त किया गया था। अब जिला स्तर पर शिक्षकों को आठ-आठ दिन का योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूलों में योग के माध्यम से बच्चों को मजबूत बनाया जाएगा। योग से कई रोग दूर होते हैं। शासन के निर्देश पर जिले के शिक्षकों को डायट में योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वह स्कूलों में बच्चों को योग के गुर सिखाएंगे। प्रशिक्षण में अनुलोम विलोम, शीर्षासन, धनुष आसन, वज्र आसन सहित कई योग क्रियाएं सिखाई जा रही हैं। योग से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। दूसरी ओर, जिला समन्वयक सामुदायिक एवं सहभागिता मित्रलाल गौतम ने स्कूलों में योग शिक्षा देने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।