डोर-टू-डोर प्रवासी श्रमिकों को चिह्नित करने का काम शुरू
नजीबाबाद। नगरपालिका परिषद निगरानी समिति ने घर-घर जाकर प्रवासी श्रमिकों को चिह्नित करने का अभियान शुरू किया है। मोहल्ला पाईंबाग, मुनीरगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी समिति ने सर्वे किया।
निगरानी समिति के नोडल अधिकारी ईओ सुरेंद्र प्रताप, राजस्व अधिकारी विपिन चौहान के निर्देशन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता सैनी ने मोहल्ला पाईंबाग में घर-घर जाकर बाहर से आए लोगों के संबंध मेें पूछताछ की। प्रवासी श्रमिकों आदि को घर में 14 दिन तक क्वारंटीन रहने के दिशा निर्देश दिए गए। निगरानी समिति की ओर से मोहल्ला मुनीरगंज के वार्ड 6 सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सर्वे अभियान चलाया गया। मुंबई से आए एक प्रवासी श्रमिक को निगरानी समिति ने परिवार से दूरी बनाकर घर में क्वारंटीन रहने की सलाह दी।
जलालाबाद में प्रवासी लोगों की संख्या 192 हुई।
जलालाबाद। नगर पंचायत जलालाबाद के ईओ हरिनारायण सिंह के नेतृत्व में निगरानी समिति का गठन किया गया। निगरानी समिति के नोडल अधिकारी हरिनारायण ने बताया कि जलालाबाद क्षेत्र में प्रवासी लोगों की संख्या बढ़कर 192 हो गई है। उन्होंने प्रवासी लोगों से 14 दिन तक घर में रहने निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने निगरानी समिति से प्रवासी श्रमिकों के आवागमन पर कड़ी निगाह रखने के निर्देश दिए।