सड़क हादसे में एक की मौत, कई यात्री घायल
बिजनौर। टैक्सी और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर-ट्राली और ट्रक के बीच भिड़ंत में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार कई मजदूर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव गजरौला शिव निवासी महेंद्र सिंह राजपूत (50) बृहस्पतिवार को बिजनौर आए थे। दोपहर को अपना काम निपटाकर बिजनौर से घर लौट रहे थे। जजी चौक पर दिल्ली से आ रही एक टैक्सी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। महेंद्र सिंह की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक गन्ना समिति में कर्मचारी थे। पुलिस ने टैक्सी को कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक टैक्सी चालक दिल्ली से सवारी लेकर कोतवाली देहात के गांव बरूकी लौट रहा था।
इसके अलावा मंडावर क्षेत्र के गांव दयालवाला के 28 मजदूर ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर मेरठ के हस्तिनापुर में मजूदरी करने गए थे। दोपहर को मजदूरी करके मजदूर ट्रैक्टर-ट्राली से वापस लौट रहे थे। दिल्ली-पौड़ी हाइवे पर गंगा बैराज के निकट ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मूलचंद्र, गीता, मीनू, राधिका, गोपाल, दयावती, सर्वेश, रूपा, शिवानी गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।