बिजनौर में जीजीआईसी में स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यशाला में सांस्कृतिक प्रस्तुति देती छात्राएं
- फोटो : BIJNOR
विपरीत परिस्थिति में लें हिम्मत से काम : डीएम
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनमें शिक्षा और अनुशासन होना नितांत आवश्यक है। शिक्षा और अनुशासन से मन की शक्ति को बल प्राप्त होता है, जो शारीरिक शक्ति से अधिक शक्तिशाली और प्रभावशाली होता है।
जीजीआईसी में हुई पुलिस स्टूडेंट कार्यशाला में डीएम ने कहा कि अपराध व कुरीतियों को उनके बारे में जानकारी लेकर ही खत्म किया जा सकता है। विद्यार्थियों को संविधान व दंड विधान की भी जानकारी होनी चाहिए। यह आसानी से इंटरनेट से ली जा सकती है। उन्होंने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर बताए। डीएम ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या को युवा खत्म करेंगे। क्योंकि युवा पीढ़ी जान चुकी है कि यह देश, समाज और मानवता के लिए अभिशाप है।
एसपी सिटी लक्ष्मीनिवास मिश्र ने कहा कि विद्यार्थी खासतौर से छात्राएं हेल्पलाइन नंबर याद रखें। कोई भी विपरीत परिस्थिति हो, तो हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें, पुलिस तुरंत मदद करेगी। कहा कि अपने आसपास भी कहीं पर महिला उत्पीड़न होता देखें तो तुरंत पुलिस को कॉल कर सूचना दें। छात्राओं ने कन्या भ्रूण हत्या व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नाटिका प्रस्तुत की। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, स्टूडेंट पुलिस कैडेट की नोडल अधिकारी अर्चना सिंह आदि मौजूद रहे।
बिजनौर में जीजीआईसी में स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यशाला को संबोधित करते डीएम रमाकांत पांडेय।- फोटो : BIJNOR