धामपुर। उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग कर्मचारी एसोसिएशन के सदस्यों का प्रदेश सरकार के खिलाफ 25 अप्रैल से विभिन्न मांगों को पूरा कराने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार जारी रहा। कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को भी कार्य बहिष्कार किया। कर्मियों का कहना है कि सरकार ने साल 2013 से अब तक उन्हें महंगाई भत्ता और वेतन वृद्धि का कोई लाभ नहीं दिया है।
एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष लीलधर सिंह और ब्लॉक उपाध्यक्ष सनुमति देवी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 2013 से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की शुरूआत की गई है। प्रदेश के प्रत्येक ब्लाक मुख्यालय पर मिशन का कार्यालय संचालित है। कार्यालय में ब्लॉक मिशन मैनेजर और कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर कर्मी नौकरी करते आ रहे हैं। प्रावधान के अनुसार कर्मचारियों को प्रतिवर्ष नौ प्रतिशत इंक्रीमेंट के साथ एचआर पॉलिसी लाभ, 50 लाख का बीमा, मोबाइल, लैपटॉप आदि का खर्च मिलना चाहिए था। लेकिन सरकार की ओर से आज तक नहीं दिया गया।
ब्लाक मिशन मैनेजर राजकुमार ने बताया कि आजीविका मिशन में पिछले एक साल से बैंक सखी और समूह सखी को भी मानदेय नहीं मिला है। रिवाल्विंग फंड और सामुदायिक निवेश फंड का भी दो साल से आवंटन नहीं है। कर्मियों ने सरकार से अविलंब मांगों को पूरा करने की मांग की गई है। कार्य बहिष्कार में विवेक द्विवेदी, पूनम रानी, रेनू कुमारी आदि शामिल रहे।