शेरकोट। रविवार देर रात करीब 9:15 बजे हाईवे पर कार और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 65 वर्षीय नफीसा की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी धामपुर भेजा।
शेरकोट के मोहल्ला खुराडा निवासी नफीसा (65) पत्नी अकरम अपने पुत्र जुबैर व पुत्रवधू अफसा के साथ विवाह समारोह में शामिल होने कार से भनोटी मार्ग स्थित मैरिज हॉल जा रही थीं। गांव भनोटी के संपर्क मार्ग पर हाईवे पर ट्रैक्टर से कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार नफीसा, जुबैर, अफसा तथा ट्रैक्टर चालक नत्थू सिंह और उसका पुत्र महेंद्र घायल हो गए। सीएचसी में उपचार के दौरान नफीसा की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ देर हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।