चांदा नंगली की महिला निकली संक्रमित
हल्दौर। गांव चांदा नंगली निवासी एक महिला को कोरोना संक्रमित मिली है। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची। परिजनों के अनुसार महिला का ऋषिकेश एम्स में उपचार चल रहा है। जांच के लिए उसका वहीं पर सैंपल लिया गया था।
क्षेत्र के गांव चांदा नंगली निवासी महिला करीब एक माह पूर्व अपने मकान की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। ग्रामवासियों के अनुसार महिला के परिजनों ने उसे उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया था। कुछ दिन बाद चिकित्सकों ने महिला के परिजनों दोबारा से जांच के लिए ऋषिकेश आने की बात कहकर उसके गांव भेज दिया था। परिजन फिर से उसका चेकअप कराने के लिए एम्स ले गए। इस दौरान महिला के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। एम्स के चिकित्सकों ने इस मामले की सूचना जिला मुख्यालय स्थित पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जानकारी मिलने पर हल्दौर थाने की पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कांति प्रसाद शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला गांव नहीं पहुंची। महिला के कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, सीएमओ डॉक्टर विजय कुमार यादव का कहना है कि महिला के पॉजिटिव आने की सूचना न तो शासन से उनके पोर्टल पर आई है और न ही ऋषिकेश एम्स प्रशासन ने इस बारे में उन्हें कोई जानकारी मिली है। मामले की पुष्टि होने पर गांव में सुरक्षा के कदम उठाए जाएंगे और महिला के परिजनों की भी जांच कराई जाएगी।