बिजनौर। जिले में आलू किसानों के लिए फ्रेंच फ्राइज का बाजार और बड़ा होने की उम्मीद जगी है। प्रदेश कैबिनेट ने बिजनौर में एग्रिस्टो मासा प्राइवेट लिमिटेड की नई परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसमें 794.27 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। बेल्जियम के एग्रिस्टो समूह और भारत के वेव समूह के संयुक्त उद्यम की यह परियोजना मौजूदा आलू फ्लेक्स उत्पादन इकाई के विस्तार और विविधीकरण के तहत स्थापित होगी।
बिजनौर चांदपुर रोड पर शाहपुर के पास स्थापित नई इकाई में सालाना करीब 75 हजार मीट्रिक टन फ्रेंच फ्राइज का उत्पादन प्रस्तावित है। इससे करीब 345 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। सबसे बड़ा असर क्षेत्र के आलू उत्पादक किसानों पर पड़ने की उम्मीद है। फ्रेंच फ्राइज के लिए आलू की मांग बढ़ने से किसानों को स्थानीय स्तर पर ही बड़ा बाजार मिल सकेगा।मार्च 2025 में बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड की मौजूदगी में बिजनौर में इसी परियोजना के विस्तार की आधारशिला रखी गई थी। उस समय करीब 750 करोड़ रुपये के निवेश और 2,500 से अधिक किसानों को लाभ मिलने की बात सामने आई थी। अब कैबिनेट की मंजूरी से परियोजना को आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है। इससे जिले में आलू आधारित प्रसंस्करण उद्योग को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।