ट्रेन का कोच तलाशने को नहीं पड़ेगा भटकना
बिजनौर। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को ट्रेन आने पर अपना कोच तलाशने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और ट्रेन छूट जाने का डर भी नहीं रहेगा। इसके लिए स्टेशन परिसर में कोच इंडीकेटर लगवाए जाएंगे। साथ ही स्टेशन परिसर में ही इनक्वायरी डिस्पले और डिजीटल घड़ी भी लगवाई जाएगी। इसके लिए रेल महाप्रबंधक बड़ौदा हाउस ने प्रस्ताव मांगा है।
बिजनौर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन एक दर्जन गाड़ियों का संचालन होता है। इनमें 9 पैसेंजर और तीन एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं। यहां से प्रतिदिन हजारों लोग विभिन्न स्थानों के लिए यात्रा करते हैं। रेलवे ने यात्रियों को सुविधा देने के लिए स्टेशन परिसर में कोच इंडीकेटर बनवाने की घोषणा की है। अफसरों के अनुसार रेलवे स्टेशन परिसर में शीघ्र ही कोच इंडीकेटर और इंक्वायरी डिस्पले लगवाई जाएगी। इससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी। आमतौर पर होता ये है कि स्टेशन परिसर में भीड़ अधिक होने के कारण यात्रियों को ट्रेन में अपना कोच तलाशने में दिक्कत होती है। लेकिन डिस्पले लगने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। स्टेशन अधीक्षक अरविंद कुमार राठी ने बताया कि प्लेटफार्म पर कोच इंडीकेटर, डिजिटल घड़ी लगवाई जाएगी। जल्द ही इन्हें लगवाने का काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेलवे महाप्रबंधक बड़ौदा हाउस की ओर से प्रस्ताव मांगा है। अनुमति मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।