गर्मी से वन्यजीव बेहाल, सहारा बने वाटर हॉल
बिजनौर। गर्मी बढ़ने के साथ ही वन्य जीव पानी की ओर बढ़ रहे हैं। अमानगढ़ वन रेंज में इन दिनों वाटर हॉल के पास खूब वन्य जीवों का दीदार हो रहा है। सुबह शाम हाथी हो या हिरण, बाघ समेत अधिकांश वन्य जीव वाटर हॉल के आसपास चहलकदमी करते नजर आ रहे हैं। वहां जाने वाले लोग भी वन्य जीवों को देख गदगद नजर आ रहे हैं। अगले वर्ष से अमानगढ़ के आम पर्यटकों के लिए भी खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बिजनौर जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर है। जिम कार्बेट पार्क से सटी अमानगढ़ वन रेंज घने जंगल में वन्य जीवों के खजाने को समेटे हुए है। करीब 9500 हेक्टेयर में फैले बड़े जंगल में बाघ, गुलदार, हाथी, चीतल, भालू, लंगूर से लेकर तमाम ऐसे वन्य जीव हैं, जो कार्बेट पार्क में दिखाई पड़ते हैं। इन दिनों अमानगढ़ वन रेंज में बने प्राकृतिक और पक्के वाटर हॉल के पास वन्य जीव खूब दिखाई दे रहे हैं। अमानगढ़ पहुंचने पर वाटर हॉल के पास हाथी, चीतल, सांभर, काला हिरण समेत तमाम वन्य जीव दिखाई दे रहे हैं। हालांकि टाइगर को देखना आसान नहीं है। क्योंकि उसके मूवमेंट को जंगल के अधिकारी ही ज्यादा समझते हैं।
केहरीपुर चौकी बनेगी रिसेप्सन, वहीं से होगी एंट्री
अमानगढ़ वन रेंज को पर्यटक जोन बनाने पर काम शुरू हो चुका है। इसके लिए यह चिह्नित कर लिया गया है कि कोहरीपुर चौकी को रिसेप्सन बनाया जाएगा। केहरीपुर से ही अमानगढ़ में पर्यटकों को एंट्री दी जाएगी। इसके अलावा एक एंट्री कालागढ़ से भी देने पर विचार चल रहा है। वन अधिकारियों की मानें तो पर्यटक जोन बनाने के दौरान इस पर भी विचार चल रहा है कि अमानगढ़ और कार्बेट पार्क के बीच जो सड़क है, उस पर यहां से जाने वाले पर्यटकों को भी घूमने का मौका मिल जाए। असल में यह सड़क यूपी के हिस्से में आती है, लेकिन इस समय इस पर केवल कार्बेट पार्क के पर्यटक ही घूम पाते हैं।
------- कोट
गर्मी को देखते हुए सभी वॉटर हॉल में पानी की व्यवस्था कराई गई है। इसके अलावा अमानगढ़ में सतर्कता भी बढ़ाई गई है। गर्मी के मौसम में वन्य जीव पानी की ओर आकर्षित होते हैं। वन्य जीवों को वन रेंज में ही पानी मिल जाए, इसका ध्यान रखा जा रहा है - डॉ. अनिल पटेल, डीएफओ बिजनौर
अमानगढ़ में वाटर हॉल के पास घूमता इक्कड़ हाथी।- फोटो : BIJNOR
अमानगढ़ में वाटर हॉल के पास घूमते हिरन।- फोटो : BIJNOR
अमानगढ़ में वाटर हॉल के पास घूमता हिरन।- फोटो : BIJNOR