कालागढ़ मे प्राथमिक स्कूल का खेल का मैदान झाड़ियो से अटा हुआ।
- फोटो : DHAMPUR
बिजनौर, कालागढ़। रामगंगा बांध परियोजना के प्राथमिक स्कूल के खेल मैदान की सफाई न होने से झाड़ियों में वन्यजीव पल रहे हैं। वन्यजीवों ने झाड़ियों का आसरा ले रखा है। वहीं, गुलदार और बाघ जैसे हिंसक जीव विचरण कर रहे हैं।
कालागढ़ में रामगंगा बांध परियोजना के प्राथमिक स्कूल में खेल के मैदान की सफाई न होने के कारण उसमें वन्यजीवों ने आसरा ले रखा है। लगभग डेढ़ हेक्टेअर के खेल के मैदान में कई वर्ष से झाड़ झंकार उगी हुई हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ने बताया कि मैदान की सफाई के लिए बार बार विभाग को लिखा जाता रहा है। पर आंशिक सफाई ही कराई जाती है। इस वजह से मैदान घनी झाड़ियों से अट गया है। इनमें बाघ और गुलदार को कई बार देखा गया है। हाल ही में एक बाघिन का शव स्कूल के निकट ही नाले में मिला था। इसके अलावा जहरीले सांप भी यहां हैं। स्कूल के एक कक्ष में एक कोबरा निकल चुका है। नीलगाय, हिरन आदि तो मैदान में दिन में भी देखे जा सकते हैं। निकट ही सिंचाई विभाग कालोनी निवासी कुमार दीपक ने बताया कि सांझ ढलते ही कई बार यहां बाघ आ जाता है। जो सुबह होने के बाद ही जाता है। उनकी गाय को वह निवाला बना चुका है। सफाई न होने से मैदान में बच्चों के खेलकूद तक बंद है। घनी झाड़ियों में वन्य जीवों के आश्रय से से स्कूली बच्चों की जान का जोखिम बना है।
-----------------------
बारिश के बाद कराई जाएगी सफाई
शिविर प्रबंध खंड के एई किशोर कुमार ने बताया कि मैदान की सफाई कराई जाती रही है। बरसात के बाद शीघ्र ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।
------------------
वन्यजीवों से दूरी बनाएं
कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज के वनक्षेत्राधिकारी आरके भट्ट का कहना है कि सूखा स्रोत से स्कूल परिसर व मैदान लगा है। यहां से वन्यजीवों को रहगुजर आम बात है। जहां तक सफाई का प्रश्न है तो वह वन विभाग नहीं करा सकेगा। स्कूल सिंचाई विभाग का है। वन्यजीवों से दूरी बनाए रखना ही उचित रहेगा।