स्योहारा। क्षेत्र के गांव सत्तोनंगली बहादरपुर में मंगलवार को एक युवक का शव उसके ही घर के अंदर ही मिला। उसकी पत्नी भी पांच-छह दिनों से लापता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव सत्तोनंगली बहादरपुर निवासी 30 वर्षीय गजराज पुत्र खुशीराम का शव मंगलवार को उसके घर के अंदर पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू की। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले पांच-छह दिनों से घर से लापता है। परिजनों द्वारा उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसी बीच गजराज का शव घर में मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।