नजीबाबाद में फड़ कारोबार लगाने को लेकर प्रदर्शन करते कारोबारी परिवार।
- फोटो : NAZIBABAD
फ्लाईओवर के नीचे नहीं लगेगा साप्ताहिक बाजार
नजीबाबाद/जलालाबाद। जलालाबाद फ्लाईओवर के नीचे साप्ताहिक बाजार बंद करने के विरोध में बड़ी संख्या में फड़ कारोबारियों ने अपने परिवार के साथ तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। एसडीएम संगीता ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट किया कि जलालाबाद फ्लाईओवर के नीचे और किसी भी सरकारी संपत्ति पर फड़ कारोबार नहीं लगाने दिया जाएगा।
जलालाबाद फ्लाईओवर के नीचे चार सप्ताह से फड़ कारोबार लगाने पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। रेडीमेड कपड़ों से जुड़े कुछ फड़ कारोबारी तीन सप्ताह से नगर क्षेत्र में फड़ कारोबार लगा रहे थे। जलालाबाद फ्लाईओवर के नीचे फिर से फड़ लगाने के लिए फड़ कारोबारी आबिद, तारिक मंसूरी, मो. इमरान, अरुण कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम संगीता से मिला। कारोबारियों की ओर से एसडीएम से साप्ताहिक फड़ लगाने की अनुमति मांगी। एसडीएम ने फड़ कारोबारी प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट किया कि जलालाबाद के फ्लाईओवर के नीचे तथा आसपास के किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कोई फड़ कारोबार लगाता है तो कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम से मिलकर लौटे फड़ कारोबारियों ने मीटिंग की। सईद खां ने फड़ कारोबारियों को बताया कि जलालाबाद के राजारामपुर क्षेत्र में ग्रीन फार्म हाउस के भीतर तथा आसपास के प्लॉट मालिकों से बात कर साप्ताहिक फड़ लगाने की व्यवस्था बनाई जाएगी। उन्होंने फड़ कारोबारियों से संयम के साथ फड़ कारोबार चलाने की सलाह दी। उधर, जलालाबाद के ग्रीन फार्म हाउस राजारामपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार लगाने के लिए कारोबारी पहुंचे। फार्म हाउस मालिक द्वारा किराया आदि को लेकर सहमति नहीं बन पाई और बृहस्पतिवार को बाजार नहीं लग पाया।
--
साप्ताहिक बाजार को लेकर विवाद बर्दाश्त नहीं होगा: एसडीएम
एसडीएम संगीता ने स्पष्ट किया कि बृहस्पतिवार को जलालाबाद क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे तथा आसपास के किसी भी सार्वजनिक क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर निजी संपत्ति पर भी बाजार लगता है और कोई विवाद होता है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।