धामपुर में कालागढ़ मार्ग पर आंधी के दौरान विद्युत लाइन पर गिरा पेड़ स्रोत विद्युत विभाग
बिजनौर/धामपुर/नजीबाबाद। रविवार देर रात आई आंधी और बारिश से बिजनौर, धामपुर, शेरकोट, नजीबाबाद व नींदड़ू क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ। कुछ क्षेत्र में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। जिले में हुई 24.2 मिमी बारिश होने से तापमान में गिरावट हुई, जिससे मौसम सुहावना रहा। तेज हवाओं से पेड़ टूटकर बिजली लाइनों व सड़कों पर गिर गए। इससे ग्रामीण अंचल, शहर, कस्बा क्षेत्रों विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
बिजनौर में तेज हवा व बारिश से 100 से ज्यादा खंभे टूट गए हैं। इससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। शहर में पांच घंटे तो गांवों में 16 से 18 घंटे तक बिजली गायब रही। किरतपुर क्षेत्र में हवा ज्यादा तेज होने से सबसे ज्यादा खंभे टूटे। इस कारण क्षेत्र में कल दोपहर तक आपूर्ति बहाल होगी। आंधी से आम की फसल को करीब 15 प्रतिशत का नुकसान हुआ, जबकि अन्य फसलों को बारिश से लाभ मिला। नगीना वेधशाला के अनुसार जनपद का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
जिले में 24.2 एमएम बारिश मापी गई, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। उधर एसई धर्मराज सिंह ने बताया कि तेज हवा व बारिश से आपूर्ति बाधित हुई थी। 100 से ज्यादा खंभे टूटे। अधिकांश जगह आपूर्ति सुचारू कर दी गई। किरतपुर क्षेत्र में ज्यादा खंभे टूटे कल दोपहर तक उधर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।