मंडावली/नजीबाबाद। नियामतपुर भट्ठे पर गुलदार ने हमला कर एक चौकीदार को घायल कर दिया। उधर, सामाजिक वानिकी के डीएफओ ने आकाशवाणी ट्रांसमीटर में रह रहे गुलदारों के संबंध में केंद्र अधिकारियों से जानकारी की।
मंडावली थाना क्षेत्र के नियामतपुर भट्ठे पर गांव इनामपुरा निवासी शमीम अहमद चौकीदार है। शमीम अहमद शनिवार रात भट्ठे पर सोया हुआ था तभी अचानक गुलदार ने भट्ठे पर रह रहे एक कुत्ते पर हमला कर दिया। शमीम की आंख खुली तो गुलदार ने उस पर भी हमला बोल दिया। गुलदार के हमले से शमीम के पेट और पैर में गहरे घाव हो गए। शोर मचाने पर वह भाग गया। घायल शमीम को प्राइवेट उपचार दिलाया गया। वन दरोगा राम मुसाफिर यादव ने घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली।
ट्रांसमीटर क्षेत्र से घास कटवाने की दी सलाह
नजीबाबाद। आकाशवाणी नजीबाबाद के गांव समीरपुर स्थित ट्रांसमीटर पर रह रहे गुलदारों के संबंध में अमर उजाला में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद वन विभाग की नींद खुली। सामाजिक वानिकी के डीएफओ डॉ.एम सिम्मारन, रेंजर अरविंद श्रीवास्तव ने ट्रांसमीटर क्षेत्र पहुंचकर आकाशवाणी के सहायक अभियंता तिलकराम से गुलदारों के संबंध में जानकारी की और उन्होंने सुरक्षा के लिए दृष्टि से आकाशवाणी के अधिकारियों को ही ट्रांसमीटर क्षेत्र से घास आदि कटवाने की सलाह दी। आकाशवाणी के एडीपी अभियांत्रिकी दिनेश चंद्रा, एई तिलकराम वन विभाग से कई बार ट्रांसमीटर क्षेत्र में पिंजरा लगवाने की मांग कर चुके हैं। वहीं आकाशवाणी के ट्रांसमीटर पर ड्यूटी देने वाले कर्मचारी भयभीत हैं। उधर, एसडीएम बृजेश कुमार सिंह ने इस संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता कर आकाशवाणी ट्रांसमीटर पर गुलदारों से कर्मचारियों को सुरक्षा के संबंध में सामाजिक वानिकी से कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।