शीघ्र भुगतान नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
बिजनौर। राजकीय शिक्षक संघ के बैनर तले राजकीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों ने शीघ्र बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर डीएम रमाकांत पांडेय को ज्ञापन सौंपा।
राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मलखान सिंह और जिलामंत्री अमित शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को सभी राजकीय शिक्षक कलक्ट्रेट में एकत्रित हुए। मुख्यमंत्री को संबोधित वेतन संबंधी ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन में शिक्षक संघ ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान कें अंतर्गत संचालित राजकीय हाईस्कूलों के शिक्षकों को पिछले छह माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। जिससे शिक्षकों को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष मलखान सिंह ने बताया कि छह फरवरी को प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर राजकीय शिक्षक संघ ने शिक्षा निदेशालय लखनऊ के सामने एक दिवसीय धरना दिया था तथा शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन शासन की ओर से अभी तक मांगें पूरी नहीं हुई। चेतावनी दिया कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो 18 फरवरी से प्रारंभ होने वाली बोर्ड की परीक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में प्रांतीय सदस्य अजय यादव, अशोक गहलोत, शरद कुमार, तनवीर अहमद, प्रभाकर शुक्ला आदि उपस्थित रहे।