अतिक्रमण करने वालों को मुनादी कर दी चेतावनी
हल्दौर। गांव पावटी में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम समाज की भूमि पर हुए अतिक्रमण की पैमाइश कर एक हाईस्कूल, बैंक व अन्य कई लोगों के मकानों को चिह्नित किया है। टीम ने गांव में ढोल से मुनादी कराकर संस्था के संचालकों और ग्रामीणों को चिह्नित किए गए संस्थानों और मकानों को निर्धारित अवधि में हटाने की चेतावनी दी है।
गांव पावटी में मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे के निकट गांव से बाहर करीब 13 बीघा ग्राम समाज की भूमि में चारागाह है। हल्का लेखपाल महेंद्र सिंह के अनुसार भूमि में एक हाईस्कूल विद्यालय, बैंक, उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामलीला मैदान का चबूतरा, टीन शेड और कई लोगों ने भवन निर्माण कर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश की। जिस पर कब्जा पाया गया। गांव में ही 50 बीघा झील है। गांव के करीब 25 लोगों के पट्टे थे। जिन्हें पहले ही निरस्त किया जा चुका है। राजस्व विभाग ने अवैध कब्जों को चिह्नित कर दिया है। टीम ने गांव में ढोल से मुनादी कराकर संस्था संचालकों और ग्रामीणों को अपने अपने भवन निर्माण निर्धारित अवधि में हटाए जाने के लिए भी सूचित कर दिया है।
हल्का लेखपाल ने बताया कि पहले अवैध कब्जा धारकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद भूमि कब्जा मुक्त नहीं होने पर बुलडोजर चलवाकर ध्वस्तीकरण करवाया जाएगा। उधर, स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक भी उनके भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
गांव शरीफपुर मान की ग्राम पंचायत के मौजा मुबारकपुर पोटा के अंतर्गत झील में ग्राम समाज की करीब 100 बीघा झील पर 50 लोगों ने अवैध रूप से फसलों की बुवाई कर कब्जा कर रखा है। राजस्व विभाग की टीम ने उक्त भूमि की पैमाइश कर भी ग्रामीणों को भूमि अवैध कब्जों से मुक्त करने के निर्देश दिए हैं।