एक ही खाते में जा रही कई मजदूरों की मजदूरी
बिजनौर, कोतवाली देहात। जिला विकास अधिकारी द्वारा विकास खंड कार्यालय कोतवाली देहात तथा विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत रामपुर दास का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मनरेगा मजदूरों की मजदूरी एक ही खाते में जाने की बात कही गई, जिस पर जिला विकास अधिकारी ने धांधली की आशंका जताते हुए बैंक से जानकारी मांगी है।
सोमवार को जिला विकास अधिकारी एस कृष्णा कोतवाली देहात स्थित ब्लॉक कार्यालय में पहुंचे, वहां पहुंच कर उन्होंने विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए।इसके बाद जिला विकास अधिकारी विकासखंड के ग्राम रामपुर दास में पहुंचे तथा गांव का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने गांव में हो रहे विकास कार्यों को देखा तथा ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को दिशा निर्देश दिए। जिला विकास अधिकारी को बताया गया कि मनरेगा के अंतर्गत होने वाले कार्यों में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी बैंक में भेजने में गड़बड़ी की जा रही है। इस पर जिला विकास अधिकारी ने केनरा बैंक नगीना के शाखा प्रबंधक को पत्र लिखकर संबंधित खाताधारकों के बारे में जानकारी मांगी। इस दौरान बीडीओ संजय कुमार नायक, राजीव देशवाल, धीरज, मुनेंद्र सिंह, जेई दिनेश कुमार, ग्राम प्रधान संघ कोतवाली देहात के अध्यक्ष महिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।