गुलदार की दहशत में पहरा दे रहे ग्रामीण
किरतपुर। क्षेत्र में गुलदार ने ग्रामीणों को परेशान कर रखा है। गुलदार की दहशत में ग्रामीण पूरी रात जागकर पहरा दे रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के अधिकारियों से शीघ्र ही गुलदार पकड़वाने की मांग की है।
क्षेत्र के दर्जन भर से अधिक गांवों में आदमखोर गुलदार का आतंक है। एक ओर लोग जहां जंगल जाने से डर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपने जरूरी कामकाज भी नहीं कर पा रहे हैं। लोग पूरी पूरी रात जागकर पहरा दे रहे हैं। क्षेत्र के गांव छितावर, इस्लामपुर साहू, शाहबपुरा रतन सिंह, कसौर, पाड़ला, चतरभोजपुर कुशल उर्फ नंगला, गंगावाला, टांकली आदि गांवों के ग्रामीण प्रमोद कुमार, आदेश शर्मा, राजेश धीमान, श्रवण कुमार, योगेश चंद, गजेंद्र प्रताप सिंह, राहुल शर्मा आदि ने बताया कि वर्तमान में आबादी और जंगल वाले क्षेत्र में गुलदार का भय है। एक प्राइवेट स्कूली बस पर चालक छितावर निवासी वीरेंद्र उर्फ मोदी गिरी बताते हैं कि वे तीन दिन पूर्व अपनी कार से किरतपुर से अपने गांव आ रहे थे। गांव शाहबपुरा वाले मोड़ के पास पहुंचने पर उन्हें एक मादा गुलदार और दो शावकों के साथ दिखाई दी। मोदी ने अपनी कार की लाइट बंद कर ली। इसके बाद गुलदार सड़क पार कर चली गई। इसके बाद जैसे वह आगे बढ़ा तो गुलदार के शावकों ने कार के बोनट पर छलांग लगा दी। गांव इस्लामपुर साहू निवासी दूध का काम करने वाले धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नए साल वाले दिन गांव में डेयरी से दूध लेने वाले बड़े दुग्ध वाहन के आगे गुलदार आया। शोर शराबा होने पर गुलदार फिर जंगल में भाग गया।